लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान शाहरुख खान 30 वर्ष पुत्र मुस्तफा, निवासी ग्राम पंचायत गौरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाहरुख बोलने में असमर्थ था और पावरोटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मंगलवार शाम शाहरुख घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। परिजनों ने डायल 112 और गंभीरपुर थाना पुलिस को भी इसकी सूचना दी। इसके अलावा, मीडिया के माध्यम से भी लोगों से शाहरुख की तलाश में मदद की अपील की गई, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गौरी गांव में नट बस्ती के बगल स्थित बाहा में शाहरुख का शव पड़ा देखा। उसके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और संदिग्धों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शाहरुख तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद