लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मेहनाजपुर पुलिस को सराहनीय सफलता मिली है। साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक राय के प्रयास से साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के खाते में 9,495 रुपए की धनराशि सुरक्षित वापस कराई गई।
थाना मेहनाजपुर क्षेत्र के ग्राम मऊपरासिन निवासी राहुल चौहान के साथ 18 अप्रैल 2026 को यूपीआई के माध्यम से कुल 11494 रुपए की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने घटना की जानकारी मिलते ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद मेहनाजपुर साइबर हेल्पडेस्क की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी समन्वय के माध्यम से ठगी की गई धनराशि में से 9495 रुपए पीड़ित के बैंक खाते में नियमानुसार वापस कराए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित राहुल चौहान ने साइबर हेल्पडेस्क प्रभारी एवं पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही अपने नजदीकी थाने के साइबर हेल्पडेस्क से भी संपर्क करें। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी और यूपीआई पिन साझा न करने की अपील की है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद