अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में आगामी 25 अक्टूबर से शुरू होने वाले ऐतिहासिक तीन दिवसीय मेले को लेकर कस्बा पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गया है। मेले के शुभारंभ से पूर्व देर शाम ‘श्री गणेश त्रिमुहानी’ समिति द्वारा माता रानी की प्रतिमा का भव्य ‘आगमन’ कराया गया। डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर नगरवासी जमकर थिरके और माता रानी की अगवानी करते हुए जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान कर दिया।
स्थानीय निवासी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले 10-11 वर्षों से लगातार प्रतिमा स्थापित की जा रही है, लेकिन इस बार का आगमन बेहद खास रहा। अतरौलिया बाजार में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर ‘आगमन उत्सव’ का आयोजन हुआ। अमित जायसवाल के अनुसार, यात्रा में 600 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे अबीर-गुलाल उड़ाते और नाचते-गाते शामिल हुए। पूरे रास्ते माता के स्वागत में श्रद्धालु पलक-पांवड़े बिछाए नजर आए। हिमांशु विनायकर ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी वार्ड नंबर एक (आंबेडकर नगर) स्थित श्री गणेश त्रिमुहानी स्थल पर माता रानी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस-प्रशासन भी सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध में जुटा हुआ है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद