महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में बजरंग दल के तत्वावधान में गुरुवार को आयोजित रामलीला का दशहरा मेले के अवसर पर रावण वध के बाद भगवान श्रीराम और उनके अनुज भरत के भावपूर्ण मिलाप के साथ भव्य समापन हुआ। राम-भरत मिलाप के मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी जुटे और प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
नगर पंचायत महराजगंज के पुराना चौक पर राम-भरत मिलाप के मंचन के लिए नंदीग्राम का आकर्षक सेट तैयार किया गया था। लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने के प्रसंग को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। नंदीग्राम में भगवान श्रीराम के आगमन और अपने बड़े भाई को देखते ही भरत के भावुक हो उठने के दृश्य ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। दोनों भाइयों के मिलन का सजीव मंचन भाईचारे, त्याग, प्रेम और पारिवारिक मर्यादा का संदेश देता नजर आया। राम-भरत मिलाप के आयोजन ने रामलीला को भावपूर्ण विराम दिया।
बजरंग दल के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि बजरंग दल के तत्वावधान में विगत दस दिनों से रामलीला कार्यक्रम और मेले का आयोजन किया जा रहा था। इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों में भक्ति और धार्मिक चेतना का संचार करना है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सनातन धर्म की महत्ता, भारतीय संस्कृति और हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र