बेजुबानों के लिए रैन बसेरा बनाना ही सच्चा परहित: राजन जी महाराज

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक व पावन धाम बाबा प्रथम देव (बहिरा देव) स्थान पर समाजसेवी अखिलेश सिंह द्वारा बनवाए गए आधुनिक ‘पंक्षी रैन बसेरा’ का लोकार्पण समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि श्रीराम कथा वाचक राजन जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार व विधि-विधान के साथ अपने कर-कमलों से इस पंक्षी रैन बसेरे का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पौहारी बाबा स्थान समेत क्षेत्र के चार प्रमुख स्थानों पर पक्षियों के संरक्षण के लिए ऐसे रैन बसेरे स्थापित किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पांच कबूतरों को आजाद किया।
राजन जी महाराज ने कहा कि आज के दौर में जहां लोग अपनों और अपने परिवार के लिए बड़े-बड़े महल और मकान बनाते हैं, वहीं बेजुबान पक्षियों के लिए ऐसा सुरक्षित आशियाना तैयार करना परमार्थ का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण है। जो बेजुबान अपना दर्द बयां नहीं कर सकते, उनके सुख-सुविधा की चिंता करना साक्षात देव-पूजन के समान है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में पक्षियों को देवतुल्य माना गया है।
समाजसेवी अखिलेश सिंह ने कथा व्यास राजन जी महाराज व मंचस्थ संतों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतरौलिया की पावन धरती पर संतों के चरणों का पड़ना परम सौभाग्य की बात है। महाराज जी ने अपने व्यस्त कथा अनुष्ठान के बीच अमूल्य समय निकालकर बेजुबान पक्षियों के इस प्रकल्प को अपना आशीर्वाद दिया, इसके लिए पूरा क्षेत्र उनका ऋणी है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि क्षेत्र में पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
मंच पर महामंडलेश्वर संत शुभम दास जी महाराज, प्रेमदास जी महाराज, चंद्रेश जी महाराज सहित कई संत-महात्मा व अखंड प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह, जय नाथ सिंह, गुडलक सिंह, बालमुकुंद सिंह, जयप्रकाश सिंह, मुकेश श्रीवास्तव, वीरेंद्र पांडे, चंद्रशेखर सिंह, विक्रम बहादुर सिंह, अरविंद तिवारी, दुर्ग विजय सिंह, विवेक सिंह, उपेंद्र दुबे आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *