संदिग्ध परिस्थितियों में बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नदौली गांव में रविवार रात 12 वर्षीय अभिनव प्रजापति पुत्र प्रमोद प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों को सर्पदंश की आशंका थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए आजमगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसे गाजीपुर जिले के अमवा स्थित शक्ति माई के दरबार में ले गए। सोमवार दोपहर करीब दो बजे शव लेकर घर पहुंचने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अभिनव तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता प्रमोद प्रजापति ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से मां सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही निजामाबाद की पूर्व चेयरमैन व सपा नेत्री निजामाबाद विधान सभा प्रेमा यादव गांव पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने उच्चाधिकारियों से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *