लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुडहर गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। गांव के ही ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की ओर जा रहा बालक अचानक नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान मुडहर गांव निवासी साकिब उर्फ प्रधान 13 वर्ष पुत्र अमर उर्फ अमीर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार सुबह साकिब गांव के ही ट्रैक्टर चालक के साथ खेत की जुताई कराने जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान परिजनों ने ट्रैक्टर बदले जाने का आरोप लगाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, साकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी तीन बहनें भी हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। मृतक के पिता और एक भाई भी दिव्यांग है।
ग्रामीणों के अनुसार, साकिब परिवार के खर्च में सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत के बाद मां आशिया समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। वहीं, परिजनों की ओर से ट्रैक्टर बदले जाने के लगाए गए आरोपों को लेकर भी मामले में जांच की आवश्यकता है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद