निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे से सटे भैरोपुर गांव में स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त घंटों लाइन में खड़े होकर माता रानी के दर्शन कर रहे थे।
मदिर के पुजारी अशोक माली ने बताया कि नवरात्र के पावन अवसर पर अष्टमी के दिन मां शीतला का महागौरी स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। नवरात्र की परंपरा के अनुसार मंदिर में मां शीतला को नौ दिनों तक अलग-अलग स्वरूपों में सजाया जाता है। नवरात्र मेले को लेकर मंदिर परिसर में सैकड़ों दुकानें सजी हुई हैं। परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है, जिससे मंदिर की छटा देखते ही बन रही है। वहीं, निजामाबाद कस्बे के श्रद्धालुओं द्वारा सुबह और शाम भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए की रखने के लिए सादे कपड़ों और पुलिस वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मुख्य गायक कलाकारों ने देवी भक्ति गीतों से धाम में आने वाले भक्तों को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर जेपी मद्धेशिया, रामअशीश पाण्डेय, पंकज, रोहित सैनी, रामाश्रय, बहादुर, द्वारिका, गोविंद आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र