अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिपरिया धर्मशाला बाजार में सड़क पार करते समय पिकअप की चपेट में आने से 50 वर्षीय फर्नीचर कारोबारी विनोद विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के जयरामपुर पोखरपुर गांव निवासी विनोद विश्वकर्मा पुत्र शिवपूजन विश्वकर्मा बेलहवा बाबा के पास फर्नीचर की दुकान चलाते थे। सोमवार देर शाम दुकान से घर लौटते समय वह पिपरिया धर्मशाला बाजार में सब्जी लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय बूढ़नपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर पिकअप के पहिये के नीचे आ गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार विनोद विश्वकर्मा ही थे। उनकी मौत से पत्नी लीलावती और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे