लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के जमखा गांव में शनिवार को पानी से भरे गड्ढे में एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान अंशु कुमार 11 वर्ष पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जमखा गांव निवासी अंशु कुमार दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता अजय कुमार परिवार के भरण-पोषण के लिए हैदराबाद में निजी नौकरी करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, अंशु की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और उसे कभी-कभी मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे।
बताया जा रहा है कि अंशु एक दिन पहले घर से लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह तलाश के दौरान गांव में ही पानी से भरे एक गड्ढे में उसका शव मिला।
सूचना मिलने पर मेहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद