अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर अहरौला क्षेत्र में चारों ओर भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। देर रात तक मठ-मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
अहरौला थाना परिसर में भी कृष्ण जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इसके अलावा रामजानकी मंदिर अहरौला, कालेश्वर मंदिर कल्होरा, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर बस्तीभुजबल, दुर्गा मंदिर पड़री तथा रामजानकी मंदिर बनरपुरा (भकूही) सहित आसपास के विभिन्न मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिरों में भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भगवान श्रीकृष्ण की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। देर शाम से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। कई परिवारों ने अपने बच्चों को राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में सजाकर मंदिर पहुंचाया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार-थाना देवगांव, मेहनाजपुर, तरवां और भंवरपुर गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न थाना परिसरों में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही परिसर जयकारों से गूंज उठे। थाना देवगांव में प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं मेहनाजपुर थाना परिसर में एसओ अखिलेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ पूजा-पाठ किया।