मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की 24वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की 24वीं बोर्ड बैठक बुधवार को उनके कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुयी।
बैठक में कुल 6 कतिपय प्रस्ताव अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किये गये, जिसमें मुख्य रूप से आजमगढ़ विकास प्राधिकरण का वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रस्तावित आय एवं व्यय बजट, मुख्यमन्त्री शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत प्रस्तावित आवासीय टाउनशिप विकसित करने के लिए तहसील सदर अन्तर्गत राजस्व ग्राम कोटिला में चिन्हित की गयी भूमि को आपसी समझौते के आधार पर क्रय किये जाने, इस योजना के तहत जेम पोर्टल के माध्यम से विशेषज्ञ अनुभवी स्टाफ लिये जाने आदि से सम्बन्धित थे।
मण्डलायुक्त विवेक ने मुख्यमन्त्री शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत ‘‘तमसा गार्डेन एन्क्लेव’’ के नाम से आवासीय टाउनशिप विकसित करने के लिए ग्राम कोटिला में चिन्हित भूमि को आपसी समझौते के आधार पर क्रय करने के सम्बन्ध में निर्देश दिया कि किसी भी दशा में सरकारी भूमि का भुगतान किसी को नहीं होना चाहिए। उन्होने निर्देश दिया कि इस सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाय तथा उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार से प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया जाय। बैठक में बोर्ड के मनोनीत सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर कतिपय नर्सिंग होम्स द्वारा सड़क की जमीन पर अस्थायी कब्जा कर साइकिल स्टैण्ड के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जिससे आमजन को काफी दिक्कतें होती हैं। मण्डलायुक्त विवेक ने इसे गंभीरता से लेते हुए अपर आयुक्त-प्रशासन एवं मुख्य राजस्व अधिकारी को तत्काल निरीक्षण कर अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया। इसके साथ उन्होने दोनों अधिकारियों को नियमित रूप से प्रतिमाह ऐसी सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही कराने का रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *