फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण तहसील मुख्यालय से लेकर विद्युत उपकेंद्र और ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। सरकारी भवनों के आसपास पानी जमा होने से जहां कर्मचारियों और अधिकारियों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं विभिन्न कार्यों से कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फूलपुर तहसील मुख्यालय स्थित ग्रामीण न्यायालय के सामने बारिश का पानी जमा हो गया है। कई दिनों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां गंदगी भी फैलने लगी है। जलभराव के बीच ग्रामीण न्यायालय आने-जाने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि न्यायालय के सामने जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं होने से बारिश के दिनों में हर वर्ष ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। इसी तरह ऊदपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र परिसर में भी बारिश का पानी जमा हो गया है। परिसर में जलभराव के कारण विद्युत विभाग के कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उपकेंद्र में विभिन्न कार्यों से पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे विद्युत उपकरणों और कार्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई गांवों में सड़क और गलियों में पानी बह रहा है। निचले इलाकों में जलभराव होने से ग्रामीणों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। जगह-जगह पानी जमा होने से कीचड़ और गंदगी की समस्या भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से सरकारी भवनों और ग्रामीण क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय