दुकानों में घुसा बरसात का गंदा पानी

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बा में सोमवार की शाम हुई बारिश के बाद वार्ड नंबर दो तिग्गीपुर में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई। बारिश के दौरान मेन रोड पर लगभग दो फीट तक पानी भर गया। सड़क के किनारे नीचे स्थित कई दुकानों में भी बरसात का पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नालियों के जाम होने के कारण बारिश का पानी और गंदा नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पूरे मार्ग पर गंदा पानी जमा हो गया है। इसके चलते राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने के साथ दुर्गंध भी फैल रही है। दुकानों में पानी भरने से सामान खराब होने की आशंका बनी हुई है और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की ओर से कागजों पर नाली और जलनिकासी सहित विभिन्न विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। लोगों ने सरकारी धन के खर्च में अनियमितता का आरोप लगाया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से जाम नालियों की तत्काल सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *