अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन की ‘गांव की समस्या, गांव में ही समाधान’ मुहिम के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत पकड़डीहा में वृहद जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। पेंशन और किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों की सबसे अधिक भीड़ रही। जन चौपाल में जिला कार्यसमिति सदस्य अभिषेक सिंह ‘सोनू’ और प्रशासक अश्विनी कुमार सिंह ‘बटोही’ मौजूद रहे।
बीडीओ सागर सिंह की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण, विकास, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर वृद्धावस्था, निराश्रित (विधवा) और दिव्यांग पेंशन से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। रुकी हुई पेंशन की किस्त, तकनीकी खामियों और नए आवेदनों के निस्तारण के लिए शाम तक विशेष कैंप लगाया गया। वहीं, किसान सम्मान निधि की किस्त न पहुंचने की शिकायतों का भी समाधान किया गया। ई-केवाईसी, भूलेख अंकन और आधार सीडिंग से जुड़ी कमियों के कारण जिन किसानों की किस्तें रुकी थीं, उनके अभिलेखों का मौके पर सत्यापन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
इस अवसर पर अभिषेक सिंह ‘सोनू’, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, लेखपाल, रोजगार सेवक, आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री आदि मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद