लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार की शाम को मेहनाजपुर बाजार के मुख्य स्थान तिराहे पर भीषण जाम लग गया। त्योहार के कारण बाजारों और अन्य स्थानों पर जाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के घरों से निकलने के चलते सड़क के तीनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे घंटों तक आवागमन बाधित रहा। जाम की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर पुलिस की टीम यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। रक्षाबंधन पर्व पर अचानक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही वाहनों के बेतरतीब आवागमन ने जाम की स्थिति को और गंभीर कर दिया। घंटों जाम में फंसे राहगीर और वाहन चालक गर्मी व उमस के कारण परेशान रहे। मेहनाजपुर थाना पुलिस कर्मियों के लगातार प्रयास के बाद धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी। इसके बाद राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद