पाइप लीकेज से गांव में जलभराव

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड के इंदर पट्टी (भरसानी) गांव में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पेयजल पाइप लाइन जगह-जगह लीकेज होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण बिना बारिश के ही गांव की गलियों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे जहां लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है, वहीं कीचड़ और गंदगी के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकी को करीब आठ माह पहले ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चालू किया गया था। लेकिन पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने के कारण योजना का लाभ ग्रामीणों को पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है। जमीन के अंदर बिछाई गई पाइपों से पानी रिसने के कारण कई स्थानों पर लगातार जलभराव बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पाइपलाइन लीकेज की समस्या की कई बार ट्यूबवेल ऑपरेटर अवधेश राजभर से शिकायत की, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों राजू कुमार, प्रकाश गौतम आदि ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पाइपलाइन की जांच कराकर लीकेज को दुरुस्त कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *