गड्ढायुक्त सड़क पर जलजमाव, दुर्घटना की आशंका

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के परमेश्वरपुर के समीप आजमगढ़-फैजाबाद मुख्य मार्ग पर सड़क में बने गहरे गड्ढों के कारण बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। सड़क पर पानी लबालब भर जाने से राहगीरों को गड्ढों का अंदाजा नहीं हो पाता और कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।
आजमगढ़-फैजाबाद मुख्य मार्ग के बीचों-बीच सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त है, जिससे जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय दुकानदार शिवचरन यादव ने बताया कि महज 100 मीटर की दूरी पर जनप्रतिनिधि डाक बंगले में निवास करते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से जर्जर पड़े इस सड़क मार्ग की सुधि नहीं ली जा रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी सड़क को गड्ढामुक्त नहीं किया गया। अशोक कुमार, दिनेश, उमेश और बबलू आदि स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। गड्ढों का पता न चलने के कारण राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *