पासपोर्ट रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

शेयर करे

संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पासपोर्ट बनवाने के लिए पुलिस रिपोर्ट लगाने के नाम पर एक सिपाही द्वारा एक हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत सीओ फूलपुर से करते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता साजिद पुत्र फैयाज, निवासी राजापुर सिकरौर, थाना सरायमीर ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था। पासपोर्ट रिपोर्ट लगवाने के सिलसिले में वह सरायमीर थाने गया था। आरोप है कि वहां तैनात सिपाही शैलेश वर्मा ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसे बताया कि उसके पासपोर्ट की रिपोर्ट आ गई है। शिकायत के अनुसार, सिपाही ने उसे बरखू मिठाई की दुकान के पीछे बुलाया। वहां पहुंचने पर पासपोर्ट रिपोर्ट के लिए आवश्यक कागजात मांगे गए। पीड़ित का कहना है कि उसने सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए। इसके बाद कथित तौर पर सिपाही ने पासपोर्ट रिपोर्ट लगाने के एवज में उससे रुपये की मांग की।
पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए रुपये देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने कथित रूप से कहा कि पैसे थाने के अंदर कार्यालय में देने होते हैं और रुपये नहीं देने पर पासपोर्ट की रिपोर्ट नहीं लगाई जाएगी। इसके बाद सभी कागजात वापस कर उसे वहां से जाने के लिए कहा गया।
पीड़ित ने शनिवार को सीओ फूलपुर से पूरे मामले की जांच कराकर पासपोर्ट रिपोर्ट लगवाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-राहुल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *