विदेश में हत्या के बाद गांव पहुंचा युवक का शव

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कुवैत में चार दिन पहले हत्या किए गए फूलपुर थाना क्षेत्र के यूसुफपुर खानपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल चौहान का शव मंगलवार शाम पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी साधना सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर शाम परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दुवार्सा धाम में राहुल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
राहुल भाजपा सदस्य कस्तूरी चौहान के पुत्र थे और रोजगार के सिलसिले में कुवैत में नौकरी करते थे। करीब छह माह पहले ही वह दोबारा कुवैत गए थे। इससे पहले भी वह कुवैत में काम कर चुके थे। मृतक के पिता कस्तूरी चौहान ने बताया कि राहुल दीदारगंज निवासी मुन्ना चौहान के पुत्र के साथ कुवैत गए थे। बताया गया कि कुवैत पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के कारणों की जांच जारी है। परिजनों ने कमरा बदलने या किसी अन्य काम से जुड़ी गलतफहमी को घटना का संभावित कारण बताया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मंगलवार शाम शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार घर पर जुट गए। शव देखते ही पत्नी साधना बेसुध हो गईं। राहुल की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उनके पीछे पत्नी साधना, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने राहुल के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *