अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 में सार्वजनिक इंटरलॉकिंग सड़क को क्षतिग्रस्त कर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। दर्जनों वार्डवासियों ने मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिशाषी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी के नाम शिकायती पत्र कंप्यूटर ऑपरेटर सूरज सिंह को सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
वार्डवासियों के अनुसार मेन रोड से मोहल्ले के अंदर जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर सरकारी धन से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि नगर निवासी ओमप्रकाश निषाद उर्फ तिनकू पुत्र बैकारू ने सड़क के इंटरलॉकिंग पत्थरों को उखाड़कर वहां लगभग दो फीट ऊंची मिट्टी पाटनी शुरू कर दी। इससे पूरे मोहल्ले की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क को इसी प्रकार ऊंचा कर दिया गया तो बारिश के दिनों में नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुसने लगेगा। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय वार्ड सदस्य ने भी विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उनकी बात को नजरअंदाज कर काम जारी रखा। वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब लोगों ने सार्वजनिक सड़क को क्षतिग्रस्त करने का विरोध किया तो आरोपी पक्ष गाली-गलौज पर उतर आया और मारपीट की धमकी देने लगा। इससे मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ितों ने अधिशाषी अधिकारी से मांग की है कि क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग सड़क को तत्काल उसके मूल स्वरूप में बहाल कराया जाए और सार्वजनिक रास्ते पर किए जा रहे अवैध कब्जे को रोका जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
शिकायती पत्र देने वालों में बिन्दु देवी, शिव भोला, अमरावती, शांति सहित वार्ड के कई अन्य निवासी शामिल रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद