अतरौलिया पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप

शेयर करे

बूढनपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के अमारी गांव निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट की घटना हुई, लेकिन स्थानीय स्तर पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित अजय प्रजापति पुत्र बलराम प्रजापति ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बीते 6 मई को सुबह ट्रैक्टर से मिट्टी लेकर जा रहा था। इसी दौरान रोड पर सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने रास्ते में ट्रैक्टर रोक दिया। ट्रैक्टर से किसी प्रकार की टक्कर नहीं हुई थी, लेकिन इसके बावजूद विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। उसे लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उसे चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह ट्रैक्टर लेकर वापस लौट रहा था, तभी विपक्षी पक्ष ने फोन करके 8 से 10 अन्य लोगों को बुला लिया और फिर दोबारा उसके साथ मारपीट की गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।
अजय प्रजापति का आरोप है कि उसने उसी दिन स्थानीय थाना में लिखित शिकायत भी दी लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कुछ लोग उस पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं और समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए जान-माल की सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *