माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में शुक्रवार देर रात गेहूं में रखे कीटनाशक के सेवन से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वान दल और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी हाउस भेज दिया।
पवई थाना क्षेत्र के अंडिका गांव निवासिनी विद्यार्थी की शादी 20 वर्ष पूर्व अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। धर्मेंद्र राजमिस्त्री का काम करता है। आयेदिन वह शराब के नशे में धुत होकर शाम को घर आता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था। शुक्रवार देर शाम धर्मेंद्र शराब के नशे में धुत होकर आया और पत्नी विद्यार्थी से गाली गलौज और मारपीट करने लगा। रात में पता नहीं कब विद्यार्थी ने पति की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर कीटनाशक का सेवन कर लिया। थोड़ी देर में जब उसकी हालत खराब होने लगी और उल्टी शुरू हो गई तो आसपास के लोग उसे माहुल बाजार के एक निजी चिकित्सालय में ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद धर्मेंद्र ने अपनी पत्नी विद्यार्थी के मृत होने की सूचना डायल 112 पुलिस को दिया और शव को घर ले जाने लगा। जैसे ही शव को लेकर स्वजन घर के समीप स्थित निजामपुर माहुल मार्ग पर पहुंचे सामने से पुलिस वाहन आता देख विद्यार्थी के शव को सड़क के किनारे छोड़ कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोगों के साथ ही साथ थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और जॉच पड़ताल शुरू कर दिया। थोड़ी देर में श्वान दल के साथ ही साथ फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई और दो घंटे तक जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के दो पुत्री और एक पुत्र हैं।
रिपोर्ट-श्यामसिंह