लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकासखंड सभागार में सोमवार को दिव्यांगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे जब उन्हें भविष्य की नई राह मिली। खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, समाजसेवी सोनू तिवारी, डब्बू बाबा और सूरज सिंह की उपस्थिति में आयोजित एक शिविर में क्षेत्र के दो दर्जन दिव्यांगों को ट्राई-साइकिल, बैसाखी और व्हीलचेयर प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि दिव्यांग समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें स्वावलंबी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इन उपकरणों की मदद से वे अब बिना किसी सहारे के अपनी दैनिक दिनचर्या पूरी कर सकेंगे। समाजसेवी सोनू तिवारी और डब्बू बाबा ने लाभार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगता शरीर की होती है, मन की नहीं। आप सभी अपने भीतर के आत्मविश्वास को जगाएं, समाज आपके साथ खड़ा है।
वितरण समारोह के दौरान कन्जहित निवासी चन्द्रेश, कटौली बुजुर्ग के अमन, पकड़ी खुर्द की अंजलि विश्वकर्मा, साफीपुर उर्फ सरूपाहा के अमरनाथ प्रजापति और सिधौना निवासी अमन यादव को ट्राई-साइकिल और बैसाखी सौंपी गई। इसी क्रम में सोफीपुर की मिन्टा देवी को ट्राई-साइकिल के साथ व्हीलचेयर प्रदान की गई, जबकि चिरकिहिट के विजय कुमार राय और रामपुर बढ़ौना निवासी रमेश को ट्राई-साइकिल व सहायक उपकरण दिए गए। जेहतमंदपुर के सुमित को उनकी आवश्यकतानुसार फोल्डिंग व्हीलचेयर भेंट की गई। उपकरण पाकर लाभार्थियों ने खुशी का इजहार किया। सिधौना के अमन यादव ने बताया कि अब उन्हें घर से बाहर बाजार या किसी काम से जाने के लिए परिजनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस मौके पर ब्लॉक के तमाम कर्मचारी, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद