फंदे से लटका मिला युवक का शव

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना अंतर्गत देवरिया गांव में एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
देवरिया गांव निवासी योगेश 30 वर्ष पुत्र बिहारी अपने माता-पिता और पत्नी के साथ घर पर रहता था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी रेनू एक सप्ताह पहले अपने मायके शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई हुई थी। योगेश भी अपने ससुराल गया हुआ था और शादी के दूसरे दिन वापस अपने घर लौट आया था।
शुक्रवार को योगेश के माता-पिता मजदूरी करने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान संयोगवश उसकी पत्नी मायके से वापस घर पहुंची। जब वह घर के अंदर गई तो सीढ़ी वाले कमरे में करकट की पाइप से रस्सी के सहारे पति का शव लटका देख उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल कप्तानगंज थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *