आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवा थाना अंतर्गत सरायभादो गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 6 के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सरायभादो निवासी हीरालाल यादव का 13 वर्षीय पुत्र विकास यादव शनिवार दोपहर साइकिल से गांव के पास स्थित पिच रोड पर सामान लेने गया था। इसी दौरान चिरैयाकोट की तरफ से खरिहानी बाजार की ओर जा रही एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तरवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक दो भाइयों में छोटा था और बाल गोपाल इंटर कॉलेज में कक्षा 6 का छात्र था। उसके बड़े पिता राजनाथ यादव विद्यालय वाहन चलाते हैं। पिता हीरालाल यादव खरिहानी बाजार में एक मिठाई की दुकान पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां मंशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-बबलू राय