शक्ति, शिक्षा और जनगणना संदेश के साथ निकली जागरूकता रैली

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा क्षेत्र ठेकमा के बीआरसी कार्यालय से सोमवार को ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’, ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘जनगणना जागरूकता’ के तहत जनजागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व और एआरपी प्रज्ञा त्रिपाठी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
रैली का शुभारंभ अंजना सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 की जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण प्राथमिकता है।
सत्र 2026-27 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रैली के माध्यम से घर-घर संपर्क किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में मिलने वाली डीबीटी, निःशुल्क यूनिफॉर्म और पुस्तकों की जानकारी दी। रैली में पहली बार जनगणना जागरूकता को भी शामिल किया गया। छात्राओं ने नारों के जरिए ग्रामीणों को जनगणना में सही जानकारी देने के महत्व से अवगत कराया।
प्रज्ञा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में महिला शिक्षिकाओं और छात्राओं ने ठेकमा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का यह समन्वय ब्लॉक को नई पहचान देगा।
इस दौरान बीआरसी कार्यालय से देवेंद्र सिंह, बृजेश यादव, चंदन सहित क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अनुदेशक, शिक्षामित्र, अभिभावक, ग्रामीण और पुलिस बल मौजूद रहा।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *