आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पल्हनी ब्लाक के हुसेनगंज बाजार वासियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्रक भेज कर बाजार में खुले दारू के ठेके को अन्यत्र स्थापित कराने की मांग की। यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं की गयी तो आगामी 27 अप्रैल को अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल प्रारंभ करेंगे।
पल्हनी ब्लाक के हुसेनगंज बाजार में आनन्द गुप्ता पुत्र शिवजनम गुप्ता निवासी पल्हनी के मकान में शराब की दुकान खोल दी गयी है जिससे स्थानीय व्यापारियों सहित आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शराबियों के आतंक से महिला व्यापारी काफी त्रस्त हैं। दुकानदारी न होने से वे भुखमरी के कगार पर हैं। व्यापारियों ने बताया कि इस संबंध में एक अप्रैल व 13 अप्रैल को भी उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया था परंतु कोई कार्यवाही नहीं की गयी। यदि एक सप्ताह में कार्यवाही नहीं की गयी तो आगामी 27 अप्रैल को अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर सुनील यादव, ईश्वर दयाल सिंह, अनुप्रिया, डा.किरन यादव, सोनू सेठ, गिरिजेश मौर्य, कैलाश चंद्र गोंड़ आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार