फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मौसम का मिजाज गर्म होते ही जहां आमजन, पशु-पक्षियों के लिए पानी की जरूरत बढ़ गई है, वहीं स्थानीय ब्लॉक परिसर में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। हालत यह है कि सरकारी योजनाओं के संचालन का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद परिसर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है।
करीब एक वर्ष पूर्व क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव द्वारा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, तहसील व ब्लॉक परिसर में लगभग सवा तीन लाख रुपये की लागत से आरओ प्लांट लगवाए गए थे, ताकि लोगों को शीतल व शुद्ध पानी मिल सके। लेकिन रखरखाव के अभाव में ये सभी प्लांट अब शोपीस बनकर रह गए हैं।
ब्लॉक परिसर में लगे दो इंडिया मार्का हैंडपंप भी साफ पानी नहीं दे रहे हैं। वहीं आरओ प्लांट की पाइपों में बालू भर जाने से पानी न तो ठंडा हो पा रहा है और न ही टोटियों से निकल रहा है। दूसरी मशीन की टंकी व कूलिंग सिस्टम भी खराब हो चुका है। ऐसे में ब्लॉक कर्मचारियों व दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी फूलपुर इशरत रोमेल ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर लगे हैंडपंपों को हर हाल में दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक परिसर के आरओ प्लांट को भी जल्द ठीक कराने की व्यवस्था की जा रही है, एक-दो दिन में शुद्ध पेयजल की सुविधा बहाल कर दी जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय