फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के मेजवा गांव निवासी खुशी प्रजापति ने लखनऊ में आयोजित नारी शक्ति मॉक यूथ पार्लियामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। 12 अप्रैल को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से चयनित 40 प्रतिभाशाली युवाओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य रहीं। मॉक पार्लियामेंट में प्रतिभागियों को सांसद के रूप में अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखने का अवसर दिया गया। खुशी प्रजापति को सिक्किम की सांसद की भूमिका सौंपी गई, जहां उन्होंने पूर्वी क्षेत्र की महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से सदन में उठाया।
खुशी ने कहा कि यह पहल महिलाओं की अस्मिता और सशक्तिकरण को नई ऊर्जा देने वाली है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं को संसद और विधानसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए अनेक बाधाएं खड़ी की जाती थीं, लेकिन आज देश बदल चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को मिले अवसरों, उज्ज्वला योजना और संसद में बढ़ती महिला भागीदारी की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सरोजनी नगर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने खुशी प्रजापति सहित सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उनकी इस उपलब्धि पर अभिनेत्री शबाना आज़मी आदि ने उन्हें बधाई दी है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय