पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी में आए मरीजों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत कक्ष, दवा वितरण कक्ष, ईएनटी विभाग, मॉड्यूलर भवन, सीटी स्कैन कक्ष, एमआरआई कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष, ब्लड बैंक तथा ब्लड कलेक्शन रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार एवं बेहतर सेवा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रजिस्ट्रेशन काउंटर पर आभा रजिस्ट्रेशन के लिए एक से अधिक कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। आयुष्मान ओपीडी कक्ष के बाहर योजना की सुविधाओं एवं कार्ड निर्माण संबंधी जानकारी बड़े एवं स्पष्ट अक्षरों में प्रदर्शित किया जाय।
चिकित्सकों द्वारा बाहर से दवाएं लिखे जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पिछले एक माह की दवा पर्चियों की जांच के लिए समिति गठित करने का निर्देश दिया। सीटी स्कैन सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दोनों मशीनों को नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट-बबलू राय