फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नौ दिन पूर्व उद्पुर ग्राम पंचायत स्थित एल्मुनियम फैक्ट्री के निकल रहे धुंए को लेकर फैक्ट्री में घुसकर हुए मारपीट तोड़फोड़ करने के मामले में फरार चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
लखनऊ बलिया मार्ग के किनारे स्थित उद्पुर ग्राम पंचायत में कोल्ड स्टोर व एल्मुनियम फैक्टी स्थित है। अगल बगल आवासीय भवन बने हैं। एल्मुनियम फैक्टी से प्रदूषित धुएं को लेकर मुहल्ले वालांे से विवाद था। इसी प्रदूषित धुएं को लेकर 20 मार्च को एल्मुनियम फैक्टी के मालिक वर्करों से मुहल्ले वालो के बीच मारपीट हुई थी जिसमे उसी दिन एक परिवार के पिता पुत्र और रिश्तेदार को पुलिस पकड़कर 151 की धारा में चालान किया था।
इसी मामले में एल्मुलियम फैक्टी के मालिक कैलाश नाथ रुंगटा पुत्र स्व. कुन्जीलाल रुंगटा निवासी शनिचर बाजार, फूलपुर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया कि 20 मार्च की शाम नामजद अभियुक्तगण अपने 10-15 साथियों के साथ लाठी-डंडा व लोहे की रॉड से लैस होकर फैक्ट्री में घुस आए तथा चिमनी के धुएं को लेकर विवाद करते हुए वादी व उसके कर्मचारियों के साथ मारपीट की और फैक्ट्री व खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर कई लोगों को घायल कर दिया।
उक्त सूचना के आधार पर थाना फूलपुर पर मुकदमा पंजीकृत था। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द व पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त मनोज यादव व अमन यादव निवासीगण कस्बा फूलपुर को उनके घर से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/ मुन्ना पाण्डेय