फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फिल्म अभिनेत्री शबाना आज़मी अपने पति प्रख्यात शायर गीतकार और पूर्व सांसद राज्य सभा जावेद अख्तर के साथ दो दिवसीय प्रवास के बाद रविवार को मुम्बई के लिए रवाना हो गयीं। ग्रामीणों और मिजवा सोसाइटी से जुड़े लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदा किया। जाते समय जावेद अख्तर ने लोगो से शीघ्र आने का वायदा किया।
गौर तलब है कि जावेद अख्तर मुंबई में अधिक व्यस्तता के चलते अपने ससुराल मेजवा फतेह मंजिल 13 साल बाद आए हुए थे। प्रवास के दौरान जावेद अख्तर अपनी पत्नी अभिनेत्री शबाना आजमी और नम्रता गोयल के साथ कैफ़ी आज़मी गर्ल्स कालेज में चल रहे पठन पाठन के गुणवत्ता को परखा।
उन्होंने कई लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाया। इस दौरान मिजवा सोसाइटी द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कई शिक्षा से संबंधित टिप्स दिए। उन्होंने कैफ़ी आज़मी कंप्यूटर सेंटर में चल रहे एनसीपीयूएल द्वारा संचालित कोर्स की जानकारी ली तथा कैफ़ी आज़मी चिकनकारी सेंटर में कामगार महिलाओं से मुलाकात किया। शनिवार को कैफ़ी आज़मी स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचे। इस दौरान पिछले दिनों वाराणसी में आयोजित जोन स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया। मुंबई रवाना होने से पूर्व अभिनेत्री शबाना आजमी फिल्म जगत में कई किरदार निभाने वाली मेजवा गांव निवासिनी श्वेता प्रजापति के घर पहुंची और बधाई दिया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय