अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पुष्कर मिश्र ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर जनपद के मंडलीय जिला चिकित्सालय में एक बुजुर्ग महिला और उसके तीमारदार के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में कार्रवाई की मांग की।
पुष्कर मिश्र ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि सदर अस्पताल में एक वृद्ध महिला के साथ अस्पताल कर्मियों द्वारा अभद्रता किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिससे आम लोगों में नाराजगी है। उन्होंने पीड़ित महिला को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने तत्काल संज्ञान लिया और आजमगढ़ के अपर निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग को मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने और तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर व्यक्ति को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला हर मरीज हमारे लिए भगवान के समान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद