चोरों ने लेखपाल के घर को बनाया निशाना, लाखों की चोरी

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़ागांव, केशवपुर में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नगदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह परिवार को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित विक्रम सिंह, पुत्र स्व.विजय बहादुर सिंह निवासी बड़ागांव केशवपुर ने बताया कि 13/14 मार्च की रात अज्ञात चोर मकान से सटे शौचालय के रास्ते छत पर चढ़कर घर में घुस गए। इसके बाद चोरों ने ग्राउंड फ्लोर के तीन कमरों तथा ऊपर के एक कमरे में रखी लॉकरयुक्त आलमारी का ताला तोड़ दिया। आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, करीब 50 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार को चोरी की भनक शनिवार की सुबह करीब 6.30 बजे लगी। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई और स्थानीय थाने में तहरीर दी गई।
बताया जाता है कि पीड़ित विक्रम सिंह बूढ़नपुर तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात हैं और परिवार के साथ बड़ागांव स्थित अपने घर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 25 फरवरी को घर में शादी हुई थी, जिसके कारण घर में जेवरात और अन्य सामान रखा हुआ था। चोरी की इस घटना से परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *