लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड लालगंज स्थित श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों से आए 260 जोड़ों का विवाह सकुशल संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के लिए विकास खंड लालगंज से 67, पल्हना से 22, तरवां से 74, ठेकमा से एक, मार्टिनगंज से एक, मोहम्मदपुर से 38, सठियांव से एक, रानी की सराय से 39, तहबरपुर से 46 और नगर पंचायत सरायमीर से 5 सहित कुल 294 जोड़ों का पंजीकरण किया गया था।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सोनू सिंह, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार शर्मा और जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित धीरज मिश्रा और आचार्य विनोद उपाध्याय ने विवाह की रस्में संपन्न कराईं।
विनोद राजभर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं और पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह कराए जा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उद्धव सिंह उर्फ सोनू सिंह ने कहा कि योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए प्रदेश सरकार की ओर से कुल एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में, 25 हजार रुपये घरेलू सामान के लिए और 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का सामान देकर विदा किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह, अवनीश राय, अभिषेक सिंह सोनू, सूरज सिंह, सोनू तिवारी, शरद यादव, प्रधान मुकेश कुमार, फिरतू राम आदि उपस्थित रहे। संचालन पूर्व प्रधान नीरज सिंह ने किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद