मंडई में लगी आग से दो मवेशियों की मौत

शेयर करे

कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बछुवापार गांव में सोमवार की रात अचानक आग लगने से एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग लगने से मंडई जलकर राख हो गई, जिसमें बंधी एक बकरी और भैंस के एक बछड़े की जलकर मौत हो गई। मवेशियों को बचाने के चक्कर में एक महिला भी झुलस गयी।
उक्त गांव निवासी राजू राजभर रोजी-रोटी के लिए पंजाब के लुधियाना में रहते हैं। घर पर उनकी मां और बहन नीता राजभर रहती हैं। बताया जाता है कि प्रतिदिन की तरह सभी बकरियों को मंडई में बांधा गया था। मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए वहां धुआं किया गया था। इसी दौरान अचानक मंडई में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की जानकारी होने पर नीता राजभर और उनकी मां ने ग्रामीणों की मदद से मवेशियों को बचाने का प्रयास किया। अधिकांश बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि एक बकरी और भैंस के एक बछड़े की आग में झुलसकर मौत हो गई। घटना में परिवार के कुछ सदस्य भी झुलस गए, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया। आग लगने से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट-विजय कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *