एआरटीओ ने पकड़ी गाजीपुर से नेपाल जा रही स्लीपर बस

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए गाजीपुर से मऊ और आजमगढ़ के रास्ते नेपाल जा रही एक निजी स्लीपर बस को एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव की टीम ने पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
हिंदुस्तान वोल्वो लिखी हुई झारखंड नंबर की स्लीपर बस गाजीपुर से मऊ होते हुए आजमगढ़ रोडवेज मार्ग से लगभग 40 यात्रियों को बैठाकर गोरखपुर रोड की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस नेपाल के लिए जा रही थी और रास्ते में फुटकर सवारियां भी बैठाई जा रही थीं, जो कि परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। इसी दौरान एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव ने अपनी टीम के साथ बनकट बाजार के पास बस को रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान पता चला कि बस परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए रास्ते में यात्रियों को बैठाकर संचालित की जा रही थी। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव ने बस को आरटीओ परिसर लाकर सीज कर दिया। बस में सवार लगभग 40 यात्रियों को उतारकर परिवहन निगम की बस से उनके जनपद के लिए वापस भेज दिया गया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *