फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ब्लॉक रानी की सराय क्षेत्र के फरिहा से मोहम्मदपुर जाने वाली सड़क के किनारे बाजार का कूड़ा-करकट खुले में फेंका जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर से तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार से निकलने वाला अपशिष्ट, जैसे फल विक्रेताओं का खराब सामान, मीट-मछली की दुकानों का कचरा तथा अस्पताल से निकलने वाला कचरा, कूड़ा करकट भी सड़क के किनारे ही फेंक दिया जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सड़क के किनारे पड़े कूड़े के कारण राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ कूड़े से उठने वाली बदबू और गंदगी से संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
बाजारवासी जिलेदार यादव, राजेश यादव, अकबर खान और अनिल विश्वकर्मा, मुसाफिर आदि ने जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि बाजार के कूड़ा-करकट को सड़क किनारे फेंकने की बजाय किसी सुरक्षित और निर्धारित स्थान पर निस्तारित कराया जाए, ताकि क्षेत्र में साफ-सफाई बनी रहे और लोगों को बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके। इस संबंध में ग्राम सचिव अजीत सिंह ने बताया कि कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है जल्द ही कूड़ा फेंकने का निस्तारण होगा।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव