महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दी गयी जानकारी

शेयर करे

फूलपुर आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फूलपुर तहसील क्षेत्र के मेजवा गांव में “बढ़ते कदम महिला मंगल दल” के तत्वावधान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष खुशी प्रजापति ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष सोनाली, मंत्री काजल कुमारी, संयुक्त मंत्री शिवांगी तथा कोषाध्यक्ष रूमा प्रजापति सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में नरेगा मेट अनीता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने बचत करना और घर से बाहर निकलकर काम करना सीखा। उन्होंने कहा कि आज नरेगा मेट बनकर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग कर रही हैं।
वहीं 70 वर्षीय कुमारी देवी ने बताया कि अगरबत्ती बनाने के काम से जो आमदनी होती है, उससे उन्हें आत्मनिर्भर होने का अलग ही आनंद मिलता है। रीता प्रजापति ने बताया कि कढ़ाई के कार्य के माध्यम से उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष खुशी प्रजापति ने कहा कि महिलाओं के लिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना उतना ही जरूरी है, जितना भोजन बनाने के लिए गैस जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि हर लड़की और महिला को जागरूक होकर खुद को इस तरह तैयार करना चाहिए कि वह भविष्य में समाज में सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सके। इस अवसर पर कुमारी, अनीता, प्रभावती, हीरावती, शीला, शुशीला, नीसा, उषा, वंदना, सुनीता, सीमा, राजकुमारी, पूजा, शिवांगी, खुशबू प्रजापति, प्रतिमा, हर्षिता, उर्मिला सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *