बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया क्षेत्र के ग्राम अनंतपुर में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने चल रहे इस निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सड़क पर ही जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर जो धूल मिट्टी है उसकी सफाई नहीं की जा रही है और उसपर अलकतरा भी नहीं गिराया जा रहा है। मिट्टी के ऊपर ही गिट्टी बहुत कम मात्रा में गिरा दी जा रही है जिससे कुछ ही दिनों में सड़क उखड़ कर खराब हो जाएगी। ऐसे में हम लोग पुनः इस टूटे हुए रोड से आने-जाने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क को बनाने में नियमों की अनदेखी न की जाए।
स्थानीय ग्रामीण राजदेव ने बताया कि सड़क को बनाने में भारी अनियमितता की जा रही है। पैर से छूने मात्र से ही सड़क उखड़ जा रही है। स्थानीय ग्रामीण फूलचंद ने बताया कि सरकारी धन का जमकर बंदर बांट हो रहा है। हम लोगों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की है। हमारी मांग है कि सड़क को बनाने में लापरवाही न बरती जाए।
प्रदर्शन करने वालों में ज्ञानचंद, सुनील, आशीष, राहुल, श्रवण, मंगरु, मनोहर आदि ग्रामीण शामिल हैं।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह