अहिरौला-कप्तानगंज मार्ग का निर्माण प्रारंभ

शेयर करे

अहिरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े अहिरौला-कप्तानगंज मार्ग का निर्माण कार्य विधिवत शुभारम्भ कर दिया गया। इस सड़क के निर्माण की मांग क्षेत्र की जनता काफी समय से कर रही थी। कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
करीब 21 किलोमीटर लंबे अहिरौला-कप्तानगंज मार्ग तथा सिकंदरपुर-नरियांव मार्ग (लगभग 5 किलोमीटर) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के प्रयासों तथा प्रदेश सरकार के सहयोग से यह कार्य शुरू कराया गया है। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गौड़ सहित अन्य नेताओं ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरूण राजभर ने बताया कि इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी। यह कार्य अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार तथा मंत्री ओम प्रकाश राजभर के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *