चकबंदी विभाग ने चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनगर तहसील स्थित ग्राम सभा रानीपुर रजमो में शनिवार को चकबंदी विभाग द्वारा चकबंदी आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद और जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान चकबंदी अधिकारी संजय कुमार, बंदोबस्त अधिकारी राम प्रसाद सिंह, उपसंचालक चकबंदी अधिकारी रामकिशोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। चौपाल में 9 समस्याओं में से किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में निराशा दिखी।
बंदोबस्त अधिकारी राम प्रसाद सिंह ने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं के संबंध में प्रार्थना पत्र देने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं पर विचार कर उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि 1201 हेक्टेयर जोत भूमि में चार प्रतिशत की कटौती की गई है और चकबंदी प्रक्रिया में प्रपत्र 45 चल रहा है, जिसे ग्राम प्रधान और सभी किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने चौपाल में सार्वजनिक शौचालय, दशवा घाट, कब्रिस्तान, होलिका दहन स्थल और जल निकासी जैसी कई जन समस्याओं को भी उठाया। गांव के झारखंडे सिंह ने चकबंदी प्रक्रिया में भूमि की मालियत में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस भूमि की मालियत 50 पैसे थी, उसे एक रुपया कर दिया गया है, और जिसकी मालियत एक रुपया थी, उसे 50 पैसे कर दिया गया है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मानसिंह पटेल, झारखंडी सिंह, शिवप्रकाश मोदनवाल, बिरजू यादव, सुखदेव सरोज, जितेंद्र तिवारी, अजीत सिंह, देवनारायण, राम शंकर, कमलेश, बृजेश आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *