आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर क्षेत्र में स्थापित पुरानी जेल में हनुमान जी व शिव जी का मंदिर इस जेल के नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद से उपेक्षित और कूड़े से पट जाने की सूचना पर भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने होली के दिन से साफ सफाई का कार्य शुरू किया। गुरूवार को दूसरे दिन भी यहां सफाई कार्य करके मंदिर परिसर से कूड़ा हटाया।
सफाई कार्य में लगे संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि मीडिया द्वारा हमें इस मंदिर के उपेक्षा और लावारिस हालत में पड़े रहने की जानकारी मिली। हम लोगों ने तय किया कि अब हमलोग इस मंदिर की दशा सुधारने में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा करेंगे और वही सेवा कार्य शुरू कर दिए हैं। ईश्वर की कृपा से कुछ ही दिनों में यहां काफी परिवर्तन दिखाई देगा। अध्यक्ष हरिकेश विक्रम ने बताया कि इस पुरानी जेल के इटौरा में चले जाने के बाद हम लोगों ने मांग किया, आन्दोलन, धरना प्रदर्शन किया था कि यह जमीन नगर के केंद्र में स्थापित सुरक्षित स्थान पर है यहां एक अच्छा बड़ा पार्क बनाया जाए। तत्कालीन जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने मांग को उचित बताते हुए शासन स्तर से मांग किया। उन्होंने बताया था कि यहां पार्क के लिए तीन करोड़ 87 लाख का धन आ गया है। लेकिन इसी बीच उनका ट्रांसफर हो गया।
भारद द्वारा प्रशासन से अनुरोध किया गया कि जब तक पार्क नहीं बनता जेल परिसर की साफ सफाई के लिए हमें दिया जाए। लेकिन प्रशासन ने नहीं दिया।
आज हम लोगों ने देखा कि इस मंदिर में स्थापित शिवलिंग तोड़ दिया गया है, जो भी कुछ बेचने लायक था सब तोड़ कर गायब कर दिया गया है। भोलेनाथ, बजरंग बली ने हम लोगों को इसके लिए प्रेरित किया है। हम लोगों की क्षमता के अनुसार यहां भी परिवर्तन दिखाई देगा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार