शरारती तत्वों ने मस्जिद पर रंग फेक कर अराजकता फैलाने का किया प्रयास

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय बाजार के शिवा जी मेन चौक पर बुधवार को होली खेलते हुए शरारती तत्वों ने मस्जिद के मुख्य द्वार पर रंग फेंक दिया जिससे एक पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल और सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया।
माहुल नगर के शिवा जी मेन चौक पर कई वर्षों से परंपरागत तरीके से लोग होली का हुड़दंग करते हैं और कपड़ा फाड़ होली खेलते हैं। इसी बीच अज्ञात शरारती तत्वों ने यहां स्थित जामा माजिद के गेट पर रंग और मस्जिद के ऊपर गंदा कपड़ा फेंक दिया। जैसे ही इसकी सूचना अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को हुई वे आक्रोशित हो गए और सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा होने लगे। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल और सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे भारी फोर्स के साथ वहां पहुंच गए और किसी तरह आक्रोशित लोगों को समझबुझा कर शांत कराया। पुलिस के समझाने के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। उसके बाद गंदे कपड़े को उतारा गया और मस्जिद की साफ सफाई कराई गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्र का कहना है कि किसी भी दशा में इस प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं है। खुफिया कैमरे से पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है जो भी तथ्य सामने आएगा विधि सम्मत कार्यवाही होगी।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *