जातिगत एवं धार्मिक विद्वेष फैलाने वाली फिल्मों पर लगे रोक

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के नागरिकों ने जातिगत एवं धार्मिक विद्वेष फैलाने वाली फिल्मों के निर्माण एवं प्रदर्शन पर रोक लगाने के संबंध में अम्बेडकर पार्क में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन कर रहे नागरिकों ने कहा कि वर्तमान में कुछ फिल्म निर्माताओं द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग करते हुए ऐसी फिल्में बनाई जा रही हैं, जिनके शीर्षक और विषयवस्तु सीधे तौर पर विशिष्ट जातियों और धर्मों को निशाना बनाते हैं। यादव जी की लव स्टोरी और घूसखोर पंडित जैसी फिल्में समाज में जातिगत वैमनस्य और नफरत पैदा करने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सदियों से चले आ रहे भाईचारे और सद्भाव को बिगाड़ती हैं। इन फिल्मों के माध्यम से किसी विशेष जाति या समुदाय की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। युवा पीढ़ी के मन में जातिगत श्रेष्ठता या हीनता के भाव पैदा हो रहे हैं, जो राष्ट्र की एकता के लिए खतरा है।
उन्होंने कहा कि इन विवादित फिल्मों के प्रदर्शन पर जनपद में तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। शासन के माध्यम से सेंसर बोर्ड को पत्र भेजकर ऐसी आपत्तिजनक सामग्री को हटाने का निर्देश दिया जाए। भविष्य में भी ऐसी किसी भी सामग्री को अनुमति न दी जाए जो सामाजिक शांति भंग करने की क्षमता रखती हो।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *