अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया में 13 से 16 फरवरी तक आयोजित चार दिवसीय शैक्षणिक, तकनीकी, सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव ज्ञानोत्सव-2026 का सोमवार को देर शाम भव्य समापन हुआ। इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से उन्नत भारत अभियान की गतिविधियों पर केंद्रित रहा, जिसके माध्यम से शिक्षा को ग्रामीण विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया।
मुख्य अतिथि के संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को नवाचार और तकनीकी दक्षता के माध्यम से ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के वरिष्ठ नेता रामाकांत मिश्रा, आरसीआई, आईआईटी बीएचयू से जुड़े शिक्षाविद् डॉ. शिशिर गौर एवं प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कुमार सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे। मलेशिया स्थित क्योर वेंचर्स लिमिटेड के चेयरमैन राज प्रताप सिंह ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम प्रधानों व समाजसेवियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
इस अवसर पर एआईसीसीइडीएस के चेयरमैन डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी। संस्थान के निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह ने उन्नत भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रेरणास्रोत स्व.प्रो. बजरंग त्रिपाठी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ज्ञानोत्सव के अंतर्गत उन्नत भारत अभियान के सहयोग से “मेरा भारतदृमेरा गाँव” विषय पर फोटो व पोस्टर प्रतियोगिता, ग्रामीण पहचान पर पेंटिंग कार्यशाला, तकनीकी प्रदर्शन शिविर, ग्राम सर्वेक्षण परियोजनाएं तथा छात्र-नेतृत्व में ग्रामीण नवाचार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने शिक्षा और ग्रामीण विकास के प्रभावी समन्वय को प्रदर्शित किया। समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर इवेंट हेड आर. जायसवाल, इवेंट प्रभारी ई. ज्योति त्रिपाठी, रमा पांडेय आदि उपस्थित रहीं। संचालन निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह ने किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद