संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय‘ ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर मनरेगा जैसे जनहितकारी कानून को सोची-समझी साजिश के तहत खत्म करने का गंभीर आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पहले यूपीए-1 सरकार ने मनरेगा लागू कर गरीबों को काम का अधिकार दिया था, जिसने कोविड-19 जैसी महामारी में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को जीवनदान दिया। आज भाजपा सरकार इस कानून को कमजोर कर गरीबों की गरिमा और सुरक्षा छीन रही है।
केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़कर राज्यों पर बोझ डाल रही है, जो हमारे संघीय ढांचे को कमजोर करने का एक कुत्सित प्रयास है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी 17 फरवरी को जिले भर से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और श्रमिक लखनऊ की ओर कूच करेंगे। वहां विधानसभा का घेराव कर गूंगी-बहरी सरकार को जगाने का काम किया जाएगा।
अंत में कहा कि जब तक मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक इस लड़ाई को जारी रखेगी। भाजपा की मजदूर विरोधी नीतियों को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता राहुल राय, शहर अध्यक्ष रियाजुल हसन, मनरेगा समन्वयक अजीत राय, अंसार अहमद, बेलाल बेग, चंद्रपाल सिंह यादव, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, बिपिन पाठक, शीला भारती, सीमा भारती, मंतराज यादव, प्रेमा चौहान, मो. आमिर, प्रदीप यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राहुल यादव