आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रविवार को महाशिवरात्रि पर जनपद के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, भांग, धतूर, अबीर, गन्ने के रस से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। जगह-जगह भव्य भण्डारे का भी आयोजन किया गया जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हर हर महादेव के उद्घोष से क्षेत्र गुंजायमान हो गया। श्रद्धालु भोर से ही शिवालयों में पहुंचने लगे थे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी चौकन्ना नजर आया।
शहर के भवरनाथ, रैदोपुर, सिधारी, हरिबंशपुर, कालीचौरा, मातवरगंज, हर्रा की चुंगी आदि जगहों पर शिवालयों में भीड़ नजर आयी। शहर से सटे भवरनाथ मंदिर पर भोर से ही श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। यहां मेले जैसा दृश्य नजर आया। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्ट किया था। सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक पुलिस बल की व्यवस्था की गयी थी।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय तहसील क्षेत्र में रविवार को सुबह चार बजे से शिवालयों में भक्तों ने लाइन में लग कर अपने आराध्य देव का जलाभिषेक किया। हर हर महादेव के नारों से पूरा क्षेत्र में गुंजायमान था। क्षेत्र के दुर्वासा धाम मंदिर, दत्तात्रेय मंदिर, शिवाला घाट मंदिर, बड़ागांव शिव मंदिर, फरिहा शिव मंदिर पर लोगों ने जलाभिषेक किया। बड़ागांव शिवमन्दिर पर सुबह से ही मेला लगा हुआ था। मंदिर परिवार को सजाया गया था। सुबह से ही भजन कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ महिलाओं की लगी थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चौकी प्रभारी फरिहा प्रियांशु मिश्र अपने हमराहियों के साथ मेला में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक मुहम्मदपुर के गंभीरपुर, बिंद्रा बाजार, मुहम्मदपुर, कमरावां, रानीपुर रजमो समेत अन्य गांवों के शिवालयों में शिव भक्त कतारबद्ध होकर दर्शन, पूजन करते नजर आए। गंभीरपुर स्थित पातालपुरी मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, रानीपुर रजमो स्थित शिव मंदिर, बिंद्रा बाजार स्थित राम जानकी मंदिर के शिवालय तथा कमरावा के शिव मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कमरावां के शिवालय में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसका समापन रविवार सुबह हुआ। शाम को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। पातालपुरी मंदिर परिसर में परंपरागत मेले का आयोजन हुआ।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार नगर के प्राचीन कैलेश्वर धाम मंदिर में रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। भक्तों ने लंबी कतारों में खड़े होकर स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु माथे पर चंदन-रोली का तिलक लगाकर भक्ति भाव में डूबे नजर आए। मंदिर के पुजारी महंत दिलीप दास ने बताया कि महाशिवरात्रि पर विधिपूर्वक पूजन और व्रत रखने से भगवान शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। सेवादार जितेंद्र सोनी के अनुसार, महाशिवरात्रि पर सुबह से ही श्रद्धालु लगातार जलाभिषेक कर रहे हैं। उन्होंने बताया मंदिर का निर्माण लगभग तेरह सौ वर्ष पूर्व गुरचरन साहू द्वारा कराया गया था। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन व पुलिस की ओर से विशेष प्रबंध किए गए।
फरिहां संवाददाता के अनुसार स्थानीय इलाके में स्थित शिव मंदिर और शिव पार्वती मंदिर फरिहा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने कतारबद्ध होकर दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके अलावा हुसामपुर बड़ागांव और बाबूराम के पूरा, उम्मा के पूरा सहित अन्य शिव मंदिरों में भी देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और जागरण का आयोजन किया गया। स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के निजामाबाद मार्ग, पानी टंकी, रुदरी मोढ, काजीभीटी में काफी भीड़ रही। रेलवे स्टेशन मोढ स्थित शिव मंदिर पर भंडारे में श्रद्वालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। अजय सैनी, डब्लू, अभिनंदन आदि व्यवस्था संचालन मंे रहे। काजी भीटी, बाबा सिद्वनाथ मंदिर मंे मेला लगा। अवंतिकापुरी सरोवर में स्नान कर लोगों ने दर्शन किया। मंदिर समिति के मुखराम गुप्ता, अरुण विश्वकर्मा, गुलाबचंद, महेंद्र प्रसाद आदि व्यवस्था में जुटे रहे। कस्बे में शिव बारात भी निकली। मंदिरों पर प्रसाद स्वरुप भांग भी वितरण होता रहा। बम बम जयघोष गूजते रहे। कबड्डी प्रतियोगिता का भी आवंक में आयोजन रहा जिसमें प्रतिभागियों ने भाग लिया।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक सहित विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, बिल्वपत्र, गुलाल, अबीर, गन्ना, विकास भांग, धतूरा एवं इत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना करते रहे। मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। श्रद्धालु महिला एवं पुरुषों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलकामना के लिए विधिवत पूजा की।
इसी क्रम में पटवध सरैया बाजार स्थित शिव मंदिर, श्रीनगर सियरहां स्थित राधा-कृष्ण शिव मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतार लग गई। महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील दुबे मय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।
भदुली संवाददाता के अनुसार स्थानीय क्षेत्र स्थित विभिन्न शिव मंदिरों सहित गेलवारा स्थित राम जानकी व शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। इस मौके पर बाबा शबद दास, बाबा राम मिलन दास, बाबा फन्नू दास सहित छात्र नेता मिन्टू यादव, धीरेंद्र यादव, किशन विश्वकर्मा, इन्द्रेश यादव, विशाल यादव, गोलू यादव, महेंद्र यादव आदि ने जलाभिषेक किया।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार दुर्वासा धाम के तमसा, मंजूषा के संगम तट पर स्नान, ध्यान के साथ श्रद्धालुओ ने दुर्वेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक किया। परिवार के सुख समृद्धि की मंगल कामना की। वही कावरियों ने भगवान दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक कर कावर लिए अंपने गंतव्य स्थान पर प्रस्थान किया। हर हर महादेव, बोल बम के स्वर गुंजायमान रहे। क्षेत्र के दुर्वासा धाम के दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव, श्री शंकर जी तिराहा, राम जानकी मंदिर, नागा बाबा मंदिर, बाबा परमहंस जी मन्दिर ग्राम शहजेरपुर शिव मन्दिर आदि में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, फल फूल, चंदन, आदि से पूजन अर्चन किया। जगह जगह मेला व सांस्कृतिक कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन अलर्ट रही।
मार्टिनगंज प्रतिनिधि के अनुसार प्रसिद्ध शिव मंदिर बंधवा महादेव मंदिर पर बाबा का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। पातालपुरी शिव मंदिर सितारा महमूदपुर, बढ़ावा महादेव मंदिर, परिसर में दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस को काफी मशक्कत उठानी पड़ी। बरदह से मार्टिनगंज जाने वाले रूट को डाइवर्ट कर दिया गया था। बढ़ावा इस्लाम से डाइवर्ट करके भादो मोड पर गाड़ियों को भेजा जा रहा था। पातालपुरी महादेव मंदिर सितारा में दीदारगंज थाने की पुलिस व्यवस्था को नियंत्रित कर रही थी। ब्रह्मस्थान परिसर में भी सुबह से महिलाओं एवं पुरुषों की काफी भीड़ रही। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह भी हर मंदिरों पर भ्रमण करते हुए दिखाई दिये।
रिपोर्ट-सुबास लाल