आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मजदूर संगठनों के राष्ट्रीय आह्वान पर होने वाली अखिल भारतीय आम हड़ताल के समर्थन में भाकपा, माकपा, भाकपा-माले, जनवादी लोकमंच, संयुक्त किसान मोर्चा, किसान मजदूर एवं नागरिक संगठनों ने नरौली प्राइवेट बस स्टैंण्ड से मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व जयप्रकाश नारायण, रवीन्द्र राय, जितेंद्र हरी पाण्डेय, रामबृक्ष मास्टर, इम्तेयाज बेग ने किया।
संगठनों ने चार श्रम कोड वापस लेने, विकसित भारत ग्राम जी कानून वापस लेने और पुराने श्रम कानून को बहाल करने, मनरेगा को बहाल करने की मांग किया। मार्च दीवानी बीएसएनएल पोस्ट आफिस होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा और वहां राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र मजिस्ट्रेट को सौंपा।
भाकपा-माले नेता एवं किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड जयप्रकाश नारायण ने कहा कि मोदी सरकार अमेरिका और अंबानी के सामने समर्पण कर चुकी है। उसी का नतीजा है कि मजदूरों और किसानों पर लगातार हमले हो रहे हैं। आजादी से पहले काम के घंटे से लेकर संगठन बनाने तक का हक लड़ कर हासिल किया था। मोदी सरकार श्रम संहिता लागू कर उसे खत्म कर दिया है। ग्रामीण मजदूरों के लिए बना मनरेगा कानून भी खत्म कर मजदूरों पर हमला कर दिया है। भारत अमेरिका समझौता किसानों के हितों के खिलाफ कुठाराघात है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता एवं किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड इम्तेयाज बेग ने कहा कि मोदी सरकार मजदूरों किसानों पर कानून बना कर उनके अब तक हासिल अधिकार को छीनकर गु़ुलाम बनाने की साज़िश कर रही है।
कार्यक्रम को माकपा जिला मंत्री कामरेड रामबृक्ष मास्टर, भाकपा जिला मंत्री कामरेड जितेंद्र हरी पांडेय, जनवादी लोकमंच के रवीन्द्र नाथ राय, भाकपा-माले जिला प्रभारी कामरेड विनोद सिंह, किसान यूनियन टिकैत के भानू राम ने संबोधित किया।
इस अवसर पर खरपत्तू राजभर, रामाज्ञा यादव, गुलाब मौर्य, जिया लाल, रमेश, हरिओम, रामजन्म यादव, सुदर्शन राम, रामकृष्ण यादव, रामजीत प्रजापति, जमुना प्रजापति, हवलदार आदि उपस्थित रहे।
इनसेट—
बैंक कर्मचारी भी हड़ताल में हुए शामिल
आजमगढ़। मजदूर संगठनों के आह्वान पर एक दिन की हड़ताल में बैंकों के तीन कर्मचारी, अधिकारी संगठन के सदस्य हड़ताल पर चले गए। इस हड़ताल से सभी राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण, सहकारी एवं कुछ देशी/विदेशी प्राइवेट बैंक के कार्य प्रभावित रहे। शहर के सभी बैंकों के कर्मचारी यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर एकत्रित हुए तत्पश्चात बीएसएनएल कार्यालय पर हो रहे प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके उपरांत बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक रैदोपुर के सामने प्रदर्शन में शामिल हुए। वहां से एलआईसी-2 कार्यालय के सम्मुख गेट मीटिंग में शामिल हुए। इस अवसर पर यूपी बैंक एम्पलाइज यूनियन के सहायक मंत्री विष्णु गुप्ता, बैंक ऑफ बडौदा के जनार्दन कुमार, यूनियन बैंक से राजकुमार ने आम ग्राहकों पर लगाए जाने वाले सेवा शुल्क को कम करने की मांग की। धीरज चौधरी और रिज़वान अहमद ने कहा कि बैंकों के कार्य ठेका प्रथा से न किये जायें ताकि आम जन को वित्तीय फ्राड से बचाया जा सके।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार